आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाही: प्रियंका गांधी के रोड शो के बाद कांग्रेस प्रत्याशी समेत 2500 लोगों पर केस दर्ज

 आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाही: प्रियंका गांधी के रोड शो के बाद कांग्रेस प्रत्याशी समेत 2500 लोगों पर केस दर्ज

(रणभेरी): यूपी में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले आगरा के खेरागढ़ में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के रोड शो के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार, आयोजक कुलदीप दीक्षित समेत 2500 लोगों के खिलाफ थाना खेरागढ़ पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।

चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक चुनाव प्रचार में महज 20 लोग ही हिस्सा ले सकते हैं। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी के रोड शो में 2500 से ज्यादा लोग थे। जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी समेत 2500 लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। जिले में मंगलवार तक कुल 19 नामजद एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, इसमें बाह से सपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा और भाजपा प्रत्याशी पक्षालिका सिंह के नाम भी हैं। 

खेरागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को कस्बा खेरागढ़ में डोर टू डोर चुनाव प्रचार करना था। जिसमें 20 लोगों की अनुमति ली गई थी, लेकिन प्रत्याशी व आयोजक ने करीब 2500 समर्थकों की भीड़ के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया। लिहाजा रोड शो के बाद कांग्रेस प्रत्याशी के साथ ही 2500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, आगरा की बाह विधानसभा क्षेत्र में भी चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करने के लिए सपा और भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने बाह से सपा प्रत्याशी मधुसूदन शर्मा और भाजपा प्रत्याशी पक्षालिका सिंह के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया है।बाह के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि बाह में बिना अनुमति के रोड शो करने पर मधुसूदन शर्मा और 125 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।