पंजाब में छाई 'आप', कांग्रेस हो गई साफ

पंजाब में छाई 'आप', कांग्रेस हो गई साफ

(रणभेरी): पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। यूपी में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाती दिख रही है, तो वही पंजाब में आम आदमी पार्टी की झाड़ू चली है। पंजाब रुझानों में आम आदमी पार्टी ने एक बड़ी मार्जिन से बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक 'आप' करीब 91 सीटों के साथ लगातार बढ़त बना रही है। हालांकि अंतिम नतीजे अभी आना बाकी है, लेकिन रूझानों में आम आदमी पार्टी पंजाब की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

2017 के विधानसभा चुनाव में ‘आप’ को सत्ता तो नहीं मिली लेकिन वह मुख्य विपक्षी दल बन गया। तभी से इस बात के कयास लग रहे थे कि इस बार चुनाव में आम आदमी पार्टी अपना सिक्का जमा सकती है। अब पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी  की सरकार बनना तय है।  पंजाब के संगरूर से दूसरी बार सांसद बने भगवंत मान को पार्टी पहले ही अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार तय कर चुकी है। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने पंजाब में आप की बढ़त पर कहा कि पंजाब ने केजरीवाल के शासन मॉडल को मौका दिया है। आज उनके शासन का मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो चुका है। यह आम आदमी की जीत है।दिल्ली के बाद पंजाब ऐसा दूसरा राज्य होगा जहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। वही 'आप' के कार्यकर्ता जश्न में डूबे हैं। धूरी निर्वाचन सीट से आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान के संगरूर आवास पर ढोल-नगाड़ों का साथ जीत का जश्न मनाया जा रहा है।

आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की जनता को संबोधित किया है। केजरीवाल ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि पंजाब में यह बहुत बड़ा इंकलाब है। पंजाब में बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं। सुखबीर सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए। यह बहुत बड़ा इंकलाब है। दिल्ली सीएम ने कहा कि पंजाब की जनता सोचती है कि आम आदमी क्या कर सकता है,  "मैं आपको बताता हूं आज एक आदमी ने, एक मोबाइल दुकान में रिपेयर का काम करने वाले ने पंजाब के सीएम चन्नी को उनकी सीट से हरा दिया है।"