आज लखनऊ में होगी औपचारिक घोषणा, यूपी विधानसभा के अध्यक्ष होंगे सतीश महाना

आज लखनऊ में होगी औपचारिक घोषणा, यूपी विधानसभा के अध्यक्ष होंगे सतीश महाना

(रणभेरी): भाजपा के वरिष्ठ विधायक सतीश महाना 8वी उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष चुना जाना तय हो गया है। महाना ने सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और किसी भी विपक्षी दल ने उनके खिलाफ नामांकन दाखिल नहीं किया। सोमवार दोपहर दो बजे तक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। इसकी औपचारिक घोषणा मंगलवार को लखनऊ में होगी। महाना विधानसभा अध्यक्ष की आसंदी संभालने वाले कानपुर के दूसरे नेता होंगे। इससे पहले वर्ष 1990-91 में मुलायम सिंह यादव की सरकार में कानपुर के हरिकिशन श्रीवास्तव विधानसभा अध्यक्ष रहे। महाना के विधानसभा अध्यक्ष बनने से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूसरी पारी में खाली हाथ कानपुर की झोली में भी एक अहम पद आ जाएगा। सतीश महाना लगातार आठवीं बार विधायक चुने गए हैं। 

यूपी सरकार 2.0 के शपथ ग्रहण के दौरान मंत्रियों की लिस्ट में सतीश महाना का नाम नहीं था उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके बाद भाजपा की ओर से उनका नामांकन करवाया गया। सतीश महाना 8 बार से विधायक हैं। वह 5 बार कानपुर कैंट से विधायक रह चुके हैं। कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से 2012 से वह लगातार विधायक हैं।एक लोकप्रिय नेता, महाना हमेशा विवादों से दूर रहे हैं और उनकी स्वीकार्यता हर राजनीतिक वर्ग में रही है।उनके विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने की कोई चर्चा नहीं रही। बताया जा रहा है कि साफसुथरी छवि और सबको साथ लेकर चलने की योग्यता को देखते हुए उन्हें सदन का नेतृत्व सौंपा गया है।

महाना के निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने का रास्ता साफ होने पर उनके लाल बंगला स्थित कैंप कार्यालय में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई। इस दौरान मिठाइयां भी बांटी गईं। यहां राकेश तिवारी, वीडी राय, सुरेश अवस्थी, लाल त्रिवेदी, श्रीकांत मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, सौरभ तिवारी, भुवनेश बाजपेई, शत्रुघ्न सिंह, सुमित वधावन, जीतू विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।