सिगरा चौराहा से यातायात सामान्य होने में अभी लगेगा वक्त

सिगरा चौराहा से यातायात सामान्य होने में अभी लगेगा वक्त

वाराणसी(रणभेरी)। सिगरा चौराहे पर सड़क धंसने से हुआ गड्ढा जलकल ने बुधवार शाम भरवाने का दावा किया। जबकि इसे पूरी तरह नहीं भरा गया है। इससे पहले जलकल ने भूमिगत पाइप लाइन का तीसरा लीकेज बंद करवाया। पाइप लाइन में लंबे समय से तीन लीकेज हुए थे। वहीं, काम पूरा करने के लिए जलकल ने बुधवार सुबह भेलूपुर से पेयजल की आपूर्ति नहीं करवाई। इससे 60 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए। काम चलने के कारण लगातार तीसरे दिन पूरे दिन कैंट-रथयात्रा मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। बुधवार को भी सिगरा-रथयात्रा के बीच एक लेन से सिर्फ दो पहिया वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी गई। गड्ढे की विधिवत भराई और सड़क बनने तक इस रोड पर सामान्य आवागमन शुरू होने की उम्मीद नहीं है यानी अभी दो दिन बाद ही सुगम यातायात शुरू होगा।

सूचना शहरवासियों को नहीं दी

जलकल के अधिकारियों ने बुधवार सुबह पांच बजे तक गड्ढा पट जाने का अनुमान लगाया था लेकिन ऐसा हुआ नहीं। पूरा दिन लग गया। जलकल ने सुबह पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की पूर्व सूचना शहरवासियों को नहीं दी। मंगलवार को सामान्य जलापूर्ति हुई थी। इस कारण लोग बुधवार को भी आश्वस्त थे। लेकिन सुबह सात बजे तक जलापूर्ति न होने पर जलकल कंट्रोल रूम में फोन घनघनाने लगा। वहां से स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। परेशान लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।

शाम को सामान्य आपूर्ति हुई

सुबह 11 बजे पेयजल पाइप में तीसरा लीकेज बनने के बाद दोपहर 12 बजे से ढाई बजे तक प्रयोग के तौर पर आपूर्ति हुई। सब कुछ ओके मिलने के बाद शाम को सामान्य आपूर्ति हुई। जलकल के अनुसार करीब दो मीटर पाइप बदली गई है। सचिव ओपी सिंह ने कहा कि पुरानी पाइप लाइन के कारण लीकेज की मरम्मत में देर हुई।