अघोराचार्य के अवतरण दिवस पर 33 युगल बंधे परिणय सूत्र में

अघोराचार्य के अवतरण दिवस पर 33 युगल बंधे परिणय सूत्र में

वाराणसी (रणभेरी सं.)। रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ 'बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड' में 1 मई को 33 जरूरतमंद जोड़े सामूहिक विवाह कार्यक्रम में परिणय सूत्र में बंधे। यह आयोजन अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में किया गया। रात्रि 7:45 बजे कार्यक्रम की शुरुआत महाराजश्री के केक काटने से हुई, जिसे प्रसाद रूप में वितरित किया गया। इसके उपरांत सामूहिक विवाह की शुरुआत हुई। अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के सौजन्य से आयोजित इस आयोजन में देशभर से चयनित जरूरतमंद परिवारों के युवक-युवतिय का विवाह संपन्न हुआ। दोनों पक्षों को किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा। घर लाने-ले जाने से लेकर विवाह की हर जरूरत संस्था द्वारा पूरी की गई। साथ ही उन्हें आवश्यक वैवाहिक सामग्री और आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में हल्दी की रस्म और लोकगीतों के जरिये पारंपरिक माहौल रचा गया।

शानदार सजावट, उम्दा खानपान और बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण ने समारोह को विशेष बना दिया। इस आयोजन ने यह साबित किया कि अघोर परंपरा केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रही है।