अयोध्या के कैंट क्षेत्र में मिले 18 हैंड ग्रेनेड, सेना ने किया डिफ्यूज

अयोध्या के कैंट क्षेत्र में मिले 18 हैंड ग्रेनेड, सेना ने किया डिफ्यूज

(रणभेरी): अयोध्या जिले के छावनी क्षेत्र में सोमवार को दोपहर में निर्मली कुंड के निकट झाड़ियों में एक साथ 18 हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की जानकारी पर पहुंची मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम ने सभी ग्रेनेड को डिफ्यूज करा दिया है। बड़ी लापरवाही व सुरक्षा में चूक का अंदेशा होने पर विभागीय जांच भी शुरू की गई है।छावनी क्षेत्र में सेना की फायरिंग अभ्यास करने वाली जगह से करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में ग्रेनेड फलों की तरह बिखरे मिले। एक साथ करीब 18 ग्रेनेड होने की सूचना मिलिट्री इंटेलिजेंस को किसी नागरिक ने दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सेना अभ्यास के दौरान अक्सर कुछ ग्रेनेड दग नहीं पाते हैं और वहीं पड़े रहते हैं। अक्सर इन ग्रेनेड को कुछ लोग एकत्र कर कबाड़ी को बेच देते हैं। इस प्रकरण में भी यह बात सामने आ रही है कि ग्रेनेड किसी को बेचने के लिए बटोर कर रखे गए थे। भले ही यह निष्प्रयोज्य हों, लेकिन एक साथ 18 ग्रेनेड मिलना गंभीर विषय है। इस संबंध में सेना की ओर सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रदेश में हाई अलर्ट जोन वाले जिले में बड़ी संख्या में हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना पर खलबली मच गई।

कैंट इलाके में निर्मली कुंड चौराहे के पास पड़े हैंड ग्रेनेड पर एक स्‍थानीय युवक की नजर पड़ी तो उसने मिलिट्री इंटेलिजेंस को जानकारी दी। पेड़ों और झाडि़यों के बीच 10 से 12 हैंड ग्रेनेड पड़े हुए थे। इस बारे में सेना ने अयोध्‍या पुलिस को जानकारी दी और हैंड ग्रेनेड को नष्‍ट कर दिया। हैंड ग्रेनेड कैंट एरिया में सेना के ट्रेनिंग सेंटर से करीब तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिले। बरामद हैंड ग्रेनेड को डिफ्यूज कर दिया गया है। कहां से आए, इस बारे में पुलिस पता लगा रही है। अयोध्‍या में हैंड ग्रेनेड बरामद होने पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।