लखनऊ में खौफनाक वारदात: युवक ने गर्भवती पत्नी की बांके से की हत्या, मां पर भी किया हमला

(रणभेरी): गुडंबा थाना क्षेत्र के दसौली गांव में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपनी पत्नी और मां पर बांके से ताबड़तोड़ वार कर दिया। पत्नी 8 महीने की गर्भवती थी। घटना के समय घर में विश्वकर्मा पूजा का भंडारा चल रहा था। शोर सुनकर जुटे लोगों ने किसी तरह आरोपी को काबू में लेकर खंभे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पत्नी पर टूट पड़ा, मां को भी नहीं छोड़ा
आरोपी की पहचान अंकुर के रूप में हुई है, जो मूलरूप से बाराबंकी के बिलहरा, चिरैया गांव का रहने वाला है। वह परिवार संग मकान मालिक राम सिंह के घर में किराए पर रह रहा था। बुधवार को पत्नी नीलम से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बहस बढ़ने पर अंकुर ने अचानक बांका उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर मां फूलमती दौड़ीं तो बेटे ने उन पर भी वार कर उनकी कलाई काट दी। खून-खराबा देखकर आरोपी की बहन चांदनी चीखते हुए घर से बाहर भागी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। अंकुर बांका लहराकर सबको धमका रहा था। किसी तरह एक युवक ने पीछे से पकड़ लिया। भीड़ ने उसे दबोचकर खंभे से बांध दिया और पुलिस बुला ली।
भंडारे में मची भगदड़
मकान मालिक राम सिंह ने बताया कि घर में विश्वकर्मा पूजा का भंडारा चल रहा था। आसपास के किरायेदार और लोग भी मौजूद थे। वारदात की खबर मिलते ही वहां भगदड़ मच गई। अंदर पहुंचे तो सास-बहू खून से लथपथ जमीन पर तड़प रही थीं। चारों ओर खून फैला हुआ था।
2 महीने पहले आया था किराए पर
राम सिंह ने बताया कि अंकुर करीब दो महीने पहले ही अपने परिवार के साथ उनके मकान में रहने आया था। इससे पहले वह 10 साल तक पास ही किराए पर रह रहा था। कभी किसी झगड़े की खबर सामने नहीं आई थी। अचानक हुई इस घटना से सभी दंग हैं। अंकुर की शादी दिसंबर 2024 में नीलम से हुई थी। ससुर दिनेश के मुताबिक, दोनों के बीच कभी बड़ी समस्या नहीं थी। बुधवार को अचानक यह खौफनाक घटना हो गई। आठ महीने की गर्भवती नीलम को गंभीर हालत में केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।