संभल में कोल्ड स्टोरेज की 100 फीट लंबी छत ढही: 20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका, मलबा हटा रहीं 8 जेसीबी

संभल में कोल्ड स्टोरेज की 100 फीट लंबी छत ढही:  20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका, मलबा हटा रहीं 8 जेसीबी

(रणभेरी): संभल जनपद के चंदौसी में गुरुवार को एक कोल्ड स्टोर की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार सुबह AR कोल्ड स्टोरेज की छत ढह गई। मलबे में 20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई है। बुलडोजर और जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। बदायूं और संभल के डीएम और एसपी समेत कई अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं। एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे में दबे 4 लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है। उनको चंदौसी अस्पताल भेजा है।

चंदौसी में इस्लाम नगर रोड पर एआर कोल्ड स्टोर में रैक बनाकर आलू भरा जा रहा था। रैक ओवरलोड होने के कारण गिर पड़ी। उसके साथ कोल्ड स्टोर की छत भी नीचे आ गिरी। आलू व छत के मलबे में करीब 20 से 25 मजदूरों के दबने की आशंका है। घटना से आक्रोशित लोगों ने कोल्ड स्टोर के केबिन में तोड़फोड़ की। सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। करीब 8 जेसीबी को मलबा हटाने के लिए लगाया गया है। इस दौरान लोगों की पुलिस प्रशासन से नोकझोंक भी हुई। स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में लगे हुए हैं। बचाव कार्य के लिए फायर कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के एंबुलेंस व अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। कोल्ड स्टोर में हादसे के बाद अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा था। मौके पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी व कर्मचारी मास पहन कर अंदर घुस गए और रिसाव हो रही अमोनिया गैस को बंद किया।इस दौरान वह खुद ही मलबे के ऊपर चढ़ गए और वहां से बोरियां हटानी शुरू कर दी। इसके बाद किनारे पर दबे एक मजदूर को उन्होंने सकुशल निकाल लिया। उसे वहां से सीएचसी भेज दिया गया है। उसके मामूली खरोंच थी।