(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा उस समय हुआ, जब राहुल गांधी लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि राहुल गांधी की गाड़ी सुरक्षित रही।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 89.5 किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुआ। यह स्थान हलियापुर थाना क्षेत्र में पड़ता है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की गाड़ी के पीछे चल रहे काफिले के वाहनों के बीच टक्कर हुई। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घायलों और नुकसान की पुष्टि नहीं
हादसे के बाद फिलहाल किसी के घायल होने या वाहनों को नुकसान पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। शुरुआती जानकारी में इतना ही सामने आया है कि टक्कर काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के बीच हुई और राहुल गांधी की गाड़ी सुरक्षित रही।
मानहानि मामले में अदालत में होनी है पेशी
राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब सात बजे अपने आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वर्ष 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में फैसले के सिलसिले में सुल्तानपुर की विशेष MP/MLA अदालत में पेश होना है। इसी सिलसिले में लखनऊ से सुल्तानपुर जाते समय उनके काफिले के पीछे चल रहे वाहनों के बीच यह हादसा हुआ।
