वाराणसी (रणभेरी): नोएडा के बरौला क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाद एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति-पत्नी ने नाले में छलांग लगा दी। हालांकि नाले में पानी का स्तर कम होने और अधिक मात्रा में गाद जमा होने के कारण दोनों गहरे पानी में नहीं जा सके और उनकी जान बच गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी और अन्य साधनों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी घटना का 27 सेकेंड का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें स्थानीय लोग दंपती को नाले से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।
रस्सी और पटरे की मदद से महिला को निकाला बाहर
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग नाले के किनारे खड़े होकर रस्सी और पटरे की सहायता से अस्थायी व्यवस्था बनाते हैं। इसके बाद नाले में फंसी महिला को उस सहारे पर खड़ा कराया जाता है और लोग मिलकर उसे ऊपर की ओर खींचकर बाहर निकालते हैं।
इस दौरान महिला का पति नाले के अंदर खड़ा होकर उसकी मदद करता दिखाई देता है। महिला के बाहर निकलने के बाद स्थानीय लोगों ने पति को भी सुरक्षित तरीके से नाले से बाहर निकाल लिया।
विवाद के बाद उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने बरौला के पास स्थित नाले में छलांग लगा दी। राहत की बात रही कि नाले में पानी कम था और नीचे जमा गाद के कारण दोनों डूब नहीं पाए।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद शुरू कर दी और बिना समय गंवाए दोनों को बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने दोनों को समझाकर भेजा घर
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पति-पत्नी से बातचीत की। पुलिस ने दोनों को समझाया और मामले को शांत कराया। इसके बाद दोनों अपने घर चले गए। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
