(रणभेरी): सुहवल थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने अपनी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी तीन बच्चों को साथ लेकर घर से जेवर और अन्य सामान समेटकर प्रेमी के साथ फरार हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में उल्लेख किया है कि उसकी शादी 14 मई 2012 को गहमर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। विवाह के बाद दंपति के तीन बच्चे हुए। पीड़ित का कहना है कि पिछले लगभग छह वर्षों से उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से संबंध चल रहा था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
शिकायत के अनुसार, 20 जून को युवक रोज की तरह काम पर गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे उसकी पत्नी घर से तीनों बच्चों को साथ लेकर, कथित प्रेमी के साथ चली गई। जाते समय वह घर में रखे गहने और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने अपने ससुर से फोन पर संपर्क कर पत्नी और बच्चों के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष की ओर से उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कहा गया कि उसकी पत्नी अब उसके साथ नहीं रहेगी। साथ ही दोबारा संपर्क करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
