वाराणसी (रणभेरी): लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री से लगभग आधा किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया है। बरामद सोना 24 कैरेट का बताया गया है, जिसका कुल वजन 491.290 ग्राम है। अधिकारियों के अनुसार इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में गुजरात के भुज निवासी विराल प्रेमजी चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआरआई ने आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार उन्हें पहले से सूचना मिली थी कि शारजाह से वाराणसी आने वाली उड़ान में एक भारतीय यात्री अवैध रूप से सोना लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने विमान के वाराणसी पहुंचने का इंतजार किया। रविवार सुबह करीब 7 बजे विमान के उतरने के बाद यात्रियों की गहन जांच शुरू की गई। साथ ही विमान की भी बारीकी से तलाशी ली गई।
सीट के नीचे छिपाकर रखा गया था सोना
जांच के दौरान अधिकारियों को विमान की एक सीट के नीचे संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। जांच करने पर पता चला कि वहां पेस्ट/कम्पाउंड के रूप में विदेशी सोना छिपाकर रखा गया था। बरामद सामग्री को जब जांच के लिए भेजा गया तो उसमें से 24 कैरेट का 491.290 ग्राम विदेशी मूल का सोना निकला।
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि बरामद सोने का संबंध गुजरात के भुज निवासी विराल प्रेमजी चौहान से है। इसके बाद डीआरआई की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी
डीआरआई अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित सोना तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, सोना किसके लिए लाया जा रहा था और इसका अंतिम गंतव्य क्या था। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के माध्यम से सोने की तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए डीआरआई और सीमा शुल्क विभाग लगातार निगरानी बढ़ा रहे हैं। वाराणसी एयरपोर्ट पर हुई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।
