वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह उसका शव कमरे के भीतर खून से लथपथ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। मामले में मृतक के साथ कमरे में रहने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, घटना भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ी गैबी इलाके की वीडीए कॉलोनी की है। यहां दीपांशु राय और खुश पांडेय एक किराए के कमरे में रहते थे। सोमवार देर रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि कमरे के अंदर एक युवक गंभीर हालत में पड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दीपांशु राय का शव खून से सना हुआ मिला।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और हिरासत में लिया गया युवक काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और एक ही कमरे में साथ रहते थे। पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए युवक ने दावा किया कि दोनों ने मंदिर में विवाह किया था और पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के बाद कई बार कहासुनी और मारपीट की नौबत आ जाती थी। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार रात भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने घटना से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य बताए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
