वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र स्थित छितौनी गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय मो. तालिम पुत्र स्वर्गीय अब्दुल कादिर निवासी छितौनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तालिम अपने छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी शादी समा आफरीन के साथ हुई थी।
परिजनों के मुताबिक गुरुवार को घर के भीतर काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिवार के लोगों को शक हुआ। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो युवक फंदे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही लोहता थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कमरे और आसपास के स्थानों से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
