वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय पहलवान हर्ष उर्फ शनि की करंट लगने से मौत हो गई। वह रोज की तरह बेनिया स्थित राम सिंह अखाड़े में अभ्यास करने पहुंचा था। अखाड़े में उतरने से पहले जब वह अपने कपड़े खंभे पर टांग रहा था, तभी खंभे के पास लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
अखाड़े में मौजूद लोगों ने तुरंत मेन स्विच बंद कर उसे करंट से अलग किया और अचेत अवस्था में कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक हर्ष उर्फ शनि चौक थाना क्षेत्र के बड़ी पियरी का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर यह जांच की जा रही है कि करंट किस कारण फैला। पुलिस का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार हर्ष मेहनती और मिलनसार युवक था तथा नियमित रूप से अखाड़े में पहलवानी का अभ्यास करता था। उसकी असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
