आगरा बल्केश्वर घाट पर बड़ा हादसा: यमुना में डूबे छह लोग, तीन की मौत, एक किशोर का शव बरामद

आगरा बल्केश्वर घाट पर बड़ा हादसा: यमुना में डूबे छह लोग, तीन की मौत, एक किशोर का शव बरामद

(रणभेरी): आगरा में मंगलवार सुबह बल्केश्वर घाट पर यमुना नदी में नहाने गए युवाओं के साथ एक भीषण हादसा हो गया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे छह युवक-युवतियों और एक किशोर में से कई गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते सभी डूबने लगे। अचानक हुई इस घटना से घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद पांच लोगों को यमुना से बाहर निकाला गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान कान्हा (22), महक (19) और रिया (17) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 11 वर्षीय किशोर विक्की की तलाश नदी में लगातार दो घंटे तक चलती रही, जिसके बाद उसका शव भी बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और घाट पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।

डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान महक पुत्री कालीचरण, कान्हा पुत्र रिंकू सिंह, अंशु पुत्री कालीचरण, रिया पुत्री मनोज और विक्की पुत्र राकेश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सभी लोग कुंजनपुर और आसपास के क्षेत्र के निवासी थे और बिना बताए यमुना में स्नान करने पहुंचे थे।

परिजनों के अनुसार, सभी बच्चे एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। इसी दौरान वे यमुना किनारे पहुंचे और नहाने लगे, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण हादसा हो गया।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विशेष रूप से विक्की के पिता राकेश का दर्द सामने आया, जिन्होंने बताया कि चार बेटियों के बाद काफी मन्नतों से बेटा हुआ था, जो अब इस दुनिया में नहीं रहा।

घाट पर मौजूद लोगों ने बताया कि यदि समय रहते बचाव कार्य न शुरू होता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बिना सुरक्षा व्यवस्था के नदी या गहरे पानी में न उतरें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *