वाराणसी में खेलों को नई रफ्तार, जेपी मेहता इंटर कॉलेज में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट

वाराणसी में खेलों को नई रफ्तार, जेपी मेहता इंटर कॉलेज में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से काशी में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। सिगरा स्टेडियम में सुविधाओं के विस्तार और हाल में आयोजित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बाद अब शहर में बास्केटबॉल को बढ़ावा देने की तैयारी तेज हो गई है।

इसी क्रम में खेलो इंडिया की अवधारणा पर वाराणसी के जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज के मैदान में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जिम्मेदारी नगर निगम संभालेगा। निगम के इंजीनियरिंग विभाग ने कोर्ट की ड्राइंग और डिजाइन पर काम शुरू कर दिया है।

नगर निगम कार्यकारिणी की स्वीकृति

महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग ने विशेषज्ञों की मदद से विस्तृत डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रस्तावित कोर्ट में सिंथेटिक सरफेस, फ्लड लाइट्स और दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था होगी।

वाराणसी में खेलों को नई रफ्तार, जेपी मेहता इंटर कॉलेज में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट

महिला–पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग सुविधा

नगर आयुक्त के अनुसार, खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग कोर्ट विकसित किए जाएंगे। साथ ही चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे का भी निर्माण किया जाएगा। शहर के मध्य स्थित जेपी मेहता ग्राउंड पहले से ही बास्केटबॉल खिलाड़ियों का प्रमुख अभ्यास स्थल रहा है, जिसे अब आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।

वाराणसी में खेलों को नई रफ्तार, जेपी मेहता इंटर कॉलेज में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट

खेल संस्कृति को मिलेगा विस्तार

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप यह कोर्ट युवाओं को समर्पित होगा। डिजाइन अंतिम रूप लेते ही निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू कराया जाएगा। उनका कहना है कि नगर निगम काशी के हर खिलाड़ी और हर खेल के साथ खड़ा है, और यह पहल शहर में खेल संस्कृति को नई दिशा देगी। इस परियोजना से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मंच मिलेगा, बल्कि वाराणसी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भी एक मजबूत केंद्र के रूप में उभरेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *