(रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को लोक भवन में डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेशभर में सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 4029 स्थल चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से 3955 स्थलों पर गुरुवार से सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय विरासत का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि कुछ लोग हाथ में ‘लाल पुस्तिका’ लेकर भ्रम फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं व लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि इन लोगों ने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो वे स्वयं को भारत की संप्रभुता का संरक्षक बताने का दावा नहीं करते। अवसर मिलने पर इन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास नहीं किया होता। आजादी के बाद संविधान में पहला संशोधन प्रेस की आजादी को प्रभावित करने वाला नहीं होता और न ही अपने स्वार्थ के लिए समय-समय पर संविधान में संशोधन किए जाते।
योगी ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने न केवल संविधान, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं को भी कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। भारत के लोकतंत्र पर लगातार सवाल उठाए और उसे कमजोर करने के लिए षड्यंत्र किए, जो आज भी जारी हैं।

महापुरुषों और विरासत पर गौरव जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, समाज, जाति या देश यदि अपने महापुरुषों और विरासत पर गौरव की अनुभूति नहीं कर सकता तथा अपने वर्तमान को गौरवशाली नहीं बना सकता तो उसका भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने कहा कि देश की विरासत और महापुरुषों का सम्मान करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
मोदी सरकार ने शुरू किया संविधान दिवस मनाने का सिलसिला
संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान लागू होने की प्रक्रिया में शुरुआत से ही प्रत्येक वयस्क भारतीय को जाति, क्षेत्र, भाषा और लिंग के भेदभाव के बिना मताधिकार का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
योगी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में लिखे शब्द ‘हम भारत के लोग’ स्पष्ट करते हैं कि देश की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि आम नागरिकों में निहित है।
उन्होंने संविधान की मूल प्रति में शामिल चित्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि आचार्य नंदलाल बोस और राम मनोहर सिन्हा ने इसमें भगवान राम, श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारतीय इतिहास एवं संस्कृति से जुड़े महापुरुषों के चित्र बनाए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि संविधान ने देश की सांस्कृतिक विरासत को भी सम्मान दिया है।
संविधान सभा में उत्तर प्रदेश की रही अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने बताया कि संविधान सभा में सबसे अधिक 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे। संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों में से छह उत्तर प्रदेश से थीं। इनमें सुचेता कृपलानी के साथ गोविंद वल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव जैसे प्रमुख नामों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
विकास के साथ विरासत को भी दे रही सरकार सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने विकास और विरासत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया है। इसी सोच के तहत काशी विश्वनाथ धाम में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित की गई। अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया और संत रविदास की जन्मस्थली चीर गोवर्धन में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों के सम्मान, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास कार्यों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
