PDA का नया मतलब बताया ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद’; अयोध्या में संत-महंतों ने विरोध की बनाई रणनीति, आज मणिराम दास छावनी में होगी बैठक
(रणभेरी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को राम मंदिर में दर्शन करने की बात कहकर सियासी हलचल बढ़ा दी। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अयोध्या ही नहीं जाएंगे, बल्कि केदारेश्वर और वृंदावन भी जाएंगे। यह पहला मौका है, जब अखिलेश यादव ने खुद राम मंदिर जाने की इच्छा जाहिर की है। इससे पहले सपा नेता पवन पांडेय ने बताया था कि अखिलेश 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे।
लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश ने PDA का नया मतलब ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद’ बताया। उन्होंने कहा कि हमारे घर में शिव और राम दोनों हैं। चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव दोनों साथ हैं। अवधेश और पवन पांडेय भी हमारे साथ हैं। फिर भाजपा इतनी घबरा क्यों रही है?
उधर, अखिलेश के अयोध्या दौरे को लेकर संत-महंतों ने विरोध की तैयारी शुरू कर दी है। संत आज मणिराम दास छावनी में बैठक कर विरोध की रणनीति तय करेंगे। बैठक की अध्यक्षता महंत कमल नयन दास शास्त्री करेंगे।
खजांची के जन्मदिन पर भाजपा को घेरा
अखिलेश यादव ने नोटबंदी को ‘भ्रष्टाचार का महासागर’ बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे बच्चे खजांची का जिक्र करते हुए कहा कि आज वह 10 साल का हो गया है, लेकिन भाजपा ने आज तक उसका जन्मदिन नहीं मनाया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अब खजांची को गोद ले लेना चाहिए, लेकिन वैसे नहीं जैसे उसके नेताओं ने गांवों को गोद लिया है। खजांची की पढ़ाई-लिखाई और देखभाल आज भी समाजवादी परिवार कर रहा है।
बोले- 2000 रुपये वाले मित्र का क्या हुआ?
अखिलेश ने 2000 रुपये के नोट को लेकर भी सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि खजांची के जन्म के साथ ही 2000 रुपये के नोट का भी जन्म हुआ था। खजांची कभी-कभी रोकर पूछता है कि उसके साथ जन्मे 2000 रुपये वाले मित्र का क्या हुआ और उसे क्यों दूर कर दिया गया?
80-20 नहीं, अब 95-5 की लड़ाई
सपा प्रमुख ने कहा कि अब लड़ाई 80-20 की नहीं रह गई है, बल्कि 95 और 5 की हो गई है। एक तरफ 95 प्रतिशत पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग हैं, जबकि दूसरी तरफ पांच प्रतिशत शोषक हैं। उन्होंने दावा किया कि इस लड़ाई में भाजपा को अपनी राजनीतिक स्थिति का अंदाजा भी नहीं लगेगा। इसी वजह से पार्टी के नेताओं की भाषा और व्यवहार बदल रहा है।
1.27 करोड़ वोट कटने पर दिए दो सुझाव
मुख्यमंत्री की ओर से 1.27 करोड़ वोट कटने के दावे पर अखिलेश ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक तरफ अखबारों में 1 करोड़ 27 लाख रुपये का गांजा पकड़े जाने की खबर है, तो दूसरी तरफ 1.27 करोड़ वोट कटने की बात हो रही है। यह अजीब तालमेल है।
उन्होंने पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के लिए दो सुझाव भी दिए। पहला, मतदाताओं को मजबूत मेटल कार्ड दिए जाएं, जिनकी डुप्लीकेट कॉपी न बन सके। दूसरा, वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ा जाए।
मेट्रो को 10 साल में 10 सेंटीमीटर आगे नहीं बढ़ा पाई सरकार
अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर विकास कार्यों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो की शुरुआत समाजवादी सरकार की देन है। भाजपा सरकार 10 साल में मेट्रो को 10 सेंटीमीटर भी आगे नहीं बढ़ा पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के चलते सड़कों और एक्सप्रेसवे की राइडिंग क्वालिटी खराब हो गई है। इसकी वजह से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
200 लीटर गोमूत्र इकट्ठा किया, डीएम ने लेने से मना कर दिया
किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार किसानों को खाद और डीएपी तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। भाजपा ने गोबर और गोमूत्र खरीदने का वादा किया था। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि हमने तो एक ही दिन में 200 लीटर गोमूत्र बाल्टियों में इकट्ठा कर लिया, लेकिन लखनऊ के जिलाधिकारी ने इसे लेने से मना कर दिया। अब किसान क्या करे?
सपा नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने सपा सांसदों और वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरके चौधरी, आनंद भदौरिया और इंद्रजीत सरोज जैसे नेताओं को मांग के बावजूद सुरक्षा नहीं दी जा रही है। वहीं, सरकार के पसंदीदा लोगों को केंद्र से एनएसजी और भारी सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सुरक्षा देने के मामले में सरकार का यह दोहरा रवैया क्यों है?
