“अब देख, तेरे साथ क्या करती हूं…” कहासुनी के बाद कार से स्कूटी में मारी टक्कर, गोमतीनगर में युवती कार के नीचे फंसी; पैर में दो फ्रैक्चर

"अब देख, तेरे साथ क्या करती हूं…" कहासुनी के बाद कार से स्कूटी में मारी टक्कर, गोमतीनगर में युवती कार के नीचे फंसी; पैर में दो फ्रैक्चर

(रणभेरी): गोमतीनगर थाना क्षेत्र के समता मूलक चौराहे के पास रविवार शाम मामूली विवाद के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान एक कार सवार युवती ने स्कूटी से जा रही दो सहेलियों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर बैठी नैना सिंह (27) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल युवती के परिवार ने कार चालक युवती पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि कार के अंदर शराब की बोतलें भी रखी हुई थीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अलीगंज निवासी बबिता सिंह ने गोमतीनगर थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी नैना सिंह अपनी सहेली के साथ एक्टिवा से समता मूलक चौराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक कार सवार युवती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच हुई कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि कार सवार युवती ने गाली-गलौज करते हुए नैना को धमकाया और कहा कि अब देख, तेरे साथ क्या करती हूं। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार युवती का व्यवहार आक्रामक बना रहा।

पीछे से मारी टक्कर, कार के नीचे दब गई नैना

बबिता सिंह ने बताया कि विवाद के बाद जब नैना अपनी सहेली के साथ एक्टिवा लेकर आगे बढ़ने लगीं, तभी कार चालक युवती ने पीछे से कार तेज गति से लाकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद एक्टिवा सड़क पर गिर गई और कार का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया।

"अब देख, तेरे साथ क्या करती हूं…" कहासुनी के बाद कार से स्कूटी में मारी टक्कर, गोमतीनगर में युवती कार के नीचे फंसी; पैर में दो फ्रैक्चर

हादसे में नैना कार के नीचे फंस गईं, जबकि एक्टिवा भी कार के पहिए में फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और काफी मशक्कत के बाद कार हटाकर नैना को बाहर निकाला। इस दौरान भी कार चालक युवती के लोगों से बहस करने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।

अस्पताल में चल रहा इलाज, पैर में गंभीर चोट

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से नैना को सेंट जोसेफ अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी बाईं टांग में दो जगह फ्रैक्चर हुआ है। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें भी आई हैं।

पीड़िता की मां का आरोप है कि कार चला रही युवती शराब के नशे में थी। उन्होंने दावा किया कि कार की तलाशी लेने पर उसमें शराब की बोतलें भी मिलीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस ने शुरू की जांच, कार कब्जे में

गोमतीनगर थाना प्रभारी ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर दी गई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *