वाराणसी (रणभेरी): चोलापुर थाना क्षेत्र के रैचनपुर में मंगलवार को नहर किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं। मृतक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के शुद्धिपुर निवासी रामधनी राजभर (38) के रूप में हुई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, रामधनी 23 नवंबर को टेंट हाउस संचालक के आवास से निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को चोलापुर के रैचनपुर नहर किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए उसकी तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट की। सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान रामधनी के रूप में की। शव उसके घर से करीब 30 किलोमीटर दूर मिला।
पैर में चोट लगने के बाद टेंट हाउस में कर रहा था काम
परिजनों के अनुसार, रामधनी घर के पास स्थित एक टेंट हाउस में ट्रॉली चलाने का काम करता था। कुछ दिन पहले पैर में चोट लगने के कारण उसने ट्रॉली चलाना बंद कर दिया था। इसके बाद वह टेंट हाउस में ही रहकर अन्य काम करने लगा था। वह अक्सर घर नहीं आता था और टेंट हाउस में ही रुक जाता था।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रामधनी अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसके बच्चों में बीरे (8), विराट (4) और सुहानी (3) शामिल हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बड़े भाई रामदेव राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
