लग्जरी लाउंज का सपना दिखाकर कारोबारी से ऐंठी मोटी रकम, कई नामजद
वाराणसी (रणभेरी): शहर में नामी ब्रांड की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर करीब 53 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। चितईपुर थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विश्वकर्मा नगर कॉलोनी स्थित रघुकुल कृपा हॉस्पिटेलिटी के डायरेक्टर अभिलाष नारायण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘फैशन टीवी’ से जुड़े एक लग्जरी लाउंज फ्रेंचाइजी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में निवेश पर बड़े मुनाफे का दावा किया गया था।
शिकायत के मुताबिक संपर्क करने पर उनकी बातचीत कासिफ खान उर्फ कासिफ सरदार, हासिम खान, दुष्यंत सिंह समेत अन्य लोगों से हुई। आरोपियों ने उन्हें मुंबई बुलाकर फ्रेंचाइजी का सपना दिखाया और वीडियो कॉल व व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए भरोसा जीत लिया। पीड़ित ने विश्वास में आकर एग्रीमेंट साइन किया और अलग-अलग किस्तों में कुल 52 लाख 99 हजार 500 रुपये का भुगतान कर दिया। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने अचानक फ्रेंचाइजी देने से इनकार कर दिया और करार समाप्त करने की बात कह दी।
जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने यह कहकर इंकार कर दिया कि पैसा ‘फैशन टीवी’ के नाम पर जमा हो चुका है और अब वापस नहीं होगा। चितईपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे नेटवर्क और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
