देव दीपावली पर घाटों से गंगा की रेती तक बिखरी अलौकिक छटा, 2100 ड्रोन शो और आतिशबाजी ने मोहा मन
वाराणसी (रणभेरी): देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व अद्भुत आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच मनाया गया। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों से लेकर उस पार रेती तक 21 लाख दीपों की रोशनी ने पूरी काशी को देवलोक में तब्दील कर दिया। दीपों की सुनहरी आभा से उत्तरवाहिनी गंगा का तट दमक उठा। पूर्णिमा के चंद्रमा की धवल चांदनी, गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीप और हर-हर महादेव के उद्घोष ने ऐसा दृश्य रचा कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। इस अलौकिक नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे।
देव दीपावली महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सूर्यास्त के साथ नमो घाट पर दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं, पंचगंगा घाट पर श्रीमठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशाचार्य के नामित उत्तराधिकारी स्वामी राघव दास महाराज ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा स्थापित हजारा दीप स्तंभ का विधिवत पूजन-अर्चन कर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद बटुकों ने हजारा दीप स्तंभ को रोशन कर सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत कर दिया।
इसके साथ ही करीब आठ किलोमीटर तक फैले गंगा के 86 अर्धचंद्राकार घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। मिट्टी और गोबर से बने लाखों दीपों की टिमटिमाती लौ ने गंगा तट पर अद्भुत प्रकाशपुंज बिखेर दिया। असि घाट से राजघाट तक हर ओर दीपों की कतारें दिखाई दीं। घाटों, मंदिरों, कुंडों और तालाबों में भी दीपोत्सव की छटा नजर आई। दोपहर से ही श्रद्धालु दीप सजाने और प्रज्वलित करने में जुट गए थे। महिलाओं ने गंगा जल से घाटों की सीढ़ियां धोकर सिंदूर से पूजन किया और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की। साधु-संतों और विभिन्न समितियों ने भी लोककल्याण के लिए दीप जलाए।
21 क्विंटल फूलों से सजा दशाश्वमेध घाट
दशाश्वमेध घाट और आसपास के घाटों को 21 क्विंटल फूल-मालाओं तथा 51 हजार दीपों से सजाया गया। यहां 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की भव्य अनुकृति देशभक्ति का संदेश देती रही। गंगा आरती बलिदानी वीर जवानों के शौर्य को समर्पित रही। 21 अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आरती उतारी, जबकि 42 कन्याओं ने चंवर डुलाकर सृष्टि के मंगल की कामना की। घंटा-घड़ियाल, डमरू और शंखनाद से पूरा गंगा तट गुंजायमान हो उठा। कार्तिक मास भर बलिदानियों की स्मृति में प्रज्वलित किए जाने वाले आकाशदीप भी अपने चरम वैभव पर नजर आए।

घाटों पर दिखी कला, संस्कृति और सामाजिक संदेशों की झलक
देव दीपावली पर काशी के अलग-अलग घाटों की सजावट ने भी लोगों का ध्यान खींचा। राजा चेतसिंह घाट पर लेजर शो और गंगा पार ग्रीन फायर क्रैकर्स की रोशनी ने जलराशि में इंद्रधनुषी रंग बिखेरे। अहिल्याबाई घाट पर फूलों के बंदनवार सजाए गए तो राजघाट दीपों की लयबद्ध शृंखलाओं से दमक उठा। चौसट्ठी घाट पर दीपों से बनाई गई आकर्षक आकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं। राणा महल घाट पर दीपों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। वहीं, जैन घाट पर 5100 दीपों से बनी अल्पना के जरिए ‘जियो और जीने दो’ का संदेश प्रसारित किया गया।

प्रभु घाट पर सेवन डेज फाउंडेशन की ओर से दीपों की शृंखलाओं में भारतीय वायुशक्ति, साहस, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव को उकेरा गया। यहां रंगोली और दीपों के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि भी दी गई। गंजारी स्टेडियम और पर्यावरण संरक्षण के संदेश पर आधारित रंगोलियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। काशी विश्वनाथ धाम फूलों और विद्युत सजावट से स्वर्णिम आभा बिखेरता रहा। ललिता घाट के गंगा द्वार को भी दीपों से सजाया गया।
2100 ड्रोन ने आसमान में रचा अद्भुत नजारा
गंगा में सजी नौकाओं और फूलों व गुब्बारों से सजे बजड़ों पर सवार होकर पर्यटकों ने देव दीपावली की अलौकिक छटा निहारी। शाम ढलने के साथ ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। 2100 ड्रोन ने एक साथ आसमान में उड़ान भरी तो आसमानी रोशनी ने लोगों को रोमांचित कर दिया। इसके साथ ही आतिशबाजी ने उत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए। गंगा की लहरों पर पड़ती रोशनी और आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी का नजारा देर तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
हालांकि, कुछ घाटों पर बाढ़ के पानी और सिल्ट के कारण सीढ़ियां संकरी होने से श्रद्धालुओं को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन आस्था का उत्साह कम नहीं हुआ। गंगा की लहरों से लेकर घाटों की सीढ़ियों तक फैली दीपों की अविरल शृंखला ने एक बार फिर काशी की सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक वैभव को विश्व के सामने जीवंत कर दिया।
