देव दीपावली पर चेतसिंह किले के सामने गंगा की रेती से हुआ भव्य ड्रोन शो, डमरू से लेकर राम मंदिर और हर-हर महादेव तक दिखीं मनमोहक आकृतियां
वाराणसी (रणभेरी): देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर दीपों की जगमगाहट के बीच आसमान में तकनीक और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शाम 7:10 बजे चेतसिंह किले के सामने गंगा की रेती से 2100 मेड इन इंडिया ड्रोनों ने एक साथ उड़ान भरी तो घाटों पर मौजूद लाखों लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए रह गए।
रोशनी से जगमगाते ड्रोनों ने आसमान में एक के बाद एक आकर्षक आकृतियां बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शो की शुरुआत डमरू की आकृति से हुई। इसके बाद भगवान शिव का हाथ, शिवलिंग और त्रिशूल के जरिए काशी की आध्यात्मिक पहचान को जीवंत किया गया।

आसमान में अयोध्या के भव्य राम मंदिर की आकृति उभरी तो दर्शकों ने उत्साह के साथ इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक छवि ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
ड्रोन शो में आगे देव दीपावली की शुभकामनाओं का संदेश प्रदर्शित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आकृतियां आसमान में नजर आईं। उत्तर प्रदेश का प्रतीक चिह्न प्रदर्शित करने के बाद हर-हर महादेव की भव्य आकृति के साथ शो का समापन हुआ।

गंगा की रेती से लेकर घाटों और नौकाओं तक मौजूद लोगों में ड्रोन शो को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ड्रोनों की एकसाथ उड़ान, सटीक तालमेल और रंग-बिरंगी रोशनी ने आसमान को आकर्षक छवियों से भर दिया। आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम ने देव दीपावली के उत्सव में एक नया आकर्षण जोड़ दिया।

