देव दीपावली की पूर्व संध्या पर काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, ढाई लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, ढाई लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

मंगला आरती के बाद से देर रात तक लगी रहीं श्रद्धालुओं की कतारें, 19 किस्म के सुगंधित फूलों से सज रहा धाम

वाराणसी (रणभेरी): देव दीपावली की पूर्व संध्या पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा के दर्शन के लिए सुबह मंगला आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर रात शयन आरती तक अनवरत जारी रहीं। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान रहा। देर रात तक ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के मद्देनजर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को भव्य रूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर परिसर के कोने-कोने को रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है। इसके लिए एक दर्जन से अधिक कुशल कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, दीपों और फूल-मालाओं से धाम को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, ढाई लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

धाम की सुंदरता में चार चांद लगाने के लिए 19 विभिन्न किस्मों के सुगंधित फूलों से विशेष सजावट की जा रही है। वहीं, मंदिर चौक में बनाई जा रही आकर्षक पुष्प रंगोली श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। मंदिर के गेट नंबर चार को भी भव्य तरीके से सजाया गया है।

भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। सावन के सोमवार की तर्ज पर धाम में व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। मंदिर परिसर में जिग-जैग बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से कतार में आगे बढ़ते हुए बाबा का दर्शन कर सकें और धक्का-मुक्की की स्थिति न बने।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने बताया कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना है। इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि जिग-जैग बैरिकेडिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को अनुशासित तरीके से दर्शन कराया जा रहा है। देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धाम में आने वाले भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *