सुबह चार बजे से शुरू हुआ गंगा स्नान, पांच लाख से अधिक लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी; दीपदान और हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजे घाट
वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आस्था की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दशाश्वमेध घाट समेत गंगा के करीब 80 घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सुबह चार बजे से ही गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ जुटने लगी। सुबह तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे।

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद दान-पुण्य, जप, ध्यान और भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीपदान कर मां गंगा की आराधना की। इस दौरान हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा घाट क्षेत्र गुंजायमान रहा।
दशाश्वमेध से अस्सी घाट तक श्रद्धालुओं की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा पर दशाश्वमेध घाट पर सुबह से ही स्नानार्थियों का रेला लगा रहा। वहीं अस्सी घाट, तुलसी घाट, जानकी घाट, शिवाला, डंडी घाट, केदार घाट, दरभंगा घाट, शीतला घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और भैंसासुर घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। गंगा के सभी प्रमुख घाटों पर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ का दौर चलता रहा। जगह-जगह श्रद्धालु दीप जलाकर मां गंगा की आरती और आराधना करते नजर आए।

स्नान और दान से मिलता है अक्षय पुण्य
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर सूर्योदय से पूर्व पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से मनुष्य को पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। कार्तिक मास भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। इस अवसर पर भगवान विष्णु और मां तुलसी की पूजा-अर्चना भी की जाती है।

कार्तिक पूर्णिमा पर ही काशी में देव दीपावली मनाने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया था। इसी परंपरा के तहत काशी के घाटों पर दीपदान का विशेष महत्व है।

सुरक्षा के लिए पुलिस और जल पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सामान लेकर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

गंगा में नावों के माध्यम से एनडीआरएफ के जवान लगातार निगरानी करते रहे। दशाश्वमेध एसीपी विवेक कुमार तिवारी और थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस, जल पुलिस और महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। पुलिस की टीमें घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और गंगा में स्नान करने वालों की सुरक्षा पर विशेष नजर रखे हुए थीं। प्रशासन का पूरा जोर भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने पर रहा।
