वाराणसी (रणभेरी): देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में भव्य सजावट की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं के हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से बाबा की नगरी गूंजती रही। आस्था का जनसैलाब बाबा दरबार में उमड़ा तो मंदिर परिसर भी देव दीपावली के उल्लास और भव्यता में सराबोर नजर आया। शाम ढलते ही फूलों की आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते बाबा धाम की छटा देखते ही बन रही थी।

काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था। छतों से लेकर दीवारों और मंदिर के स्तंभों तक फूलों की लड़ियां लगाई गई थीं, जो झूमर की तरह परिसर की खूबसूरती बढ़ा रही थीं। बाबा दरबार के प्रमुख हिस्सों को रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन किया गया था। गंगा द्वार की दीवारों पर की गई आकर्षक लाइटिंग ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।

रात में ड्रोन से लिए गए दृश्य में काशी विश्वनाथ मंदिर का आंगन और गर्भगृह का क्षेत्र रोशनी से नहाया नजर आया। ऊंचाई से देखने पर पूरा बाबा दरबार दीपों और झालरों की रोशनी में अलौकिक छटा बिखेरता दिखाई दिया। मंदिर परिसर में दीपों और रंगीन झालरों की सजावट ने देव दीपावली के उत्सव को और भव्य बना दिया।

इस बार फूलों से तैयार की गई झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। बाबा दरबार में फूलों से मोर की आकर्षक आकृति बनाई गई थी। वहीं मंदिर के स्तंभों, गर्भगृह और परिसर के अन्य मंदिरों को भी फूलों की मालाओं और लड़ियों से सजाया गया था। फूलों की मनमोहक सजावट से पूरा परिसर सुगंधित और उत्सवी माहौल में नजर आया।

बाबा दरबार की भव्य सजावट के साथ गंगा द्वार और आसपास के घाटों पर भी देव दीपावली की अद्भुत छटा दिखाई दी। सुबह से श्रद्धालुओं की कतार और शाम को रोशनी से नहाए मंदिर परिसर ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की भव्य तस्वीर पेश की। बाबा विश्वनाथ की नगरी में देव दीपावली का यह आयोजन एक बार फिर आस्था, भक्ति और उत्सव के अनूठे संगम का साक्षी बना।
