काशी में आज सजेगी देव दीपावली की दिव्य छटा, 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे गंगा के घाट; 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान

काशी में आज सजेगी देव दीपावली की दिव्य छटा, 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे गंगा के घाट; 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान

40 देशों के मेहमान बनेंगे साक्षी, सीएम योगी नमो घाट पर जलाएंगे पहला दीप; 25 IPS समेत 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी आज देव दीपावली के अलौकिक उत्सव से जगमगाएगी। गंगा के घाटों से लेकर मठ-मंदिरों तक दीपों की रोशनी फैलेगी। इस बार 11 लाख दीये जलाकर देव दीपावली मनाई जाएगी। आयोजन में शामिल होने के लिए 40 देशों से मेहमान काशी पहुंचेंगे, जबकि करीब 15 लाख पर्यटकों के आने का अनुमान है। संत रविदास घाट से आदिकेशव घाट तक और वरुणा तट से लेकर मठ-मंदिरों तक दीपोत्सव की छटा दिखाई देगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नमो घाट पर पहला दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वह क्रूज से गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी का नजारा देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हर बार की तरह इस बार देव दीपावली का आयोजन लाइव देखेंगे। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग कराई जाएगी।

पंचगंगा घाट पर पांच दीयों से शुरू हुई थी परंपरा

काशी में देव दीपावली का वर्तमान भव्य स्वरूप करीब 41 साल पुराना है। वर्ष 1985 में इसकी शुरुआत बेहद साधारण तरीके से हुई थी। पंचगंगा घाट पर क्रिकेट खेलने वाले कुछ लड़कों ने श्रद्धालुओं से दीये और तेल के लिए पैसे जुटाए और महज पांच दीये जलाकर इस परंपरा की नींव रखी।

इसके अगले वर्ष 1986 में बनारस के पांच घाटों पंचगंगा, बालाजी, सिंधिया, मान मंदिर और अहिल्याबाई घाट पर देव दीपावली मनाई गई। वर्ष 1987 में कुछ और लोग इस आयोजन से जुड़े और दशाश्वमेध घाट समेत 15 घाटों तक उत्सव का विस्तार हुआ। चौथे वर्ष अस्सी घाट भी इससे जुड़ गया। पांचवें वर्ष तक 27 घाटों पर आयोजन होने लगा। आज यह परंपरा 85 से अधिक गंगा घाटों तक पहुंच चुकी है और अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल कर चुकी है।

दशाश्वमेध घाट पर दिखेगी सबसे भव्य गंगा आरती

देव दीपावली की शुरुआत पंचगंगा घाट पर दीप प्रज्ज्वलन से होगी। वहीं दशाश्वमेध घाट पर सबसे भव्य गंगा आरती आयोजित की जाएगी। गंगा के 84 घाटों पर अलग-अलग समुदायों के लोग दीपदान करेंगे। पांडेय घाट पर काशी विश्वनाथ धाम की थीम पर दीयों की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी।

इस बार जलने वाले 11 लाख दीयों में करीब 50 हजार दीये गाय के गोबर से तैयार किए गए हैं। दक्षिण भारतीय समुदाय की ओर से 20 हजार दीपों का दान किया जाएगा। घाट पर भव्य रंगोली भी बनाई जाएगी। बंगाली समाज की महिलाएं विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगी। केदारघाट पर इसकी विशेष झलक देखने को मिलेगी। अस्सी घाट पर जय मां गंगा सेवा समिति की ओर से विशेष गंगा आरती की तैयारी की गई है।

तीन लाख रुपये में बुक हुआ क्रूज का कमरा

देव दीपावली पर काशी में नौका विहार और क्रूज की सैर पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। भारी भीड़ और बढ़ती मांग के चलते नावों और क्रूज का किराया भी आसमान छू रहा है। 40 लोगों की क्षमता वाले बजड़े की बुकिंग 2 से 2.5 लाख रुपये तक पहुंच गई है। छोटी नावों का किराया 20 से 30 हजार रुपये और मोटरबोट का किराया 50 हजार से एक लाख रुपये तक लिया जा रहा है। वहीं गंगोत्री क्रूज का एक कमरा तीन लाख रुपये में बुक हुआ है।

काशी में आज सजेगी देव दीपावली की दिव्य छटा, 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे गंगा के घाट; 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान

होटल के कमरे 80 हजार रुपये तक पहुंचे

देव दीपावली के चलते काशी के होटल और होम स्टे भी पूरी तरह पर्यटकों से गुलजार हैं। गंगा घाटों के आसपास स्थित होटलों में एक रात के कमरे का किराया 40 हजार से 80 हजार रुपये तक पहुंच गया है। सामान्य दिनों में इन्हीं कमरों का किराया 20 से 25 हजार रुपये के आसपास रहता है।

होम स्टे के किराये में भी कई गुना बढ़ोतरी हुई है। सामान्य दिनों में करीब 800 रुपये में मिलने वाला कमरा अब चार से आठ हजार रुपये तक में मिल रहा है। घाटों पर रंगाई-पुताई का काम पूरा किया जा रहा है। गंगा आरती स्थलों को फूलों से सजाया जा रहा है और रोशनी के लिए लाइटिंग की व्यवस्था अंतिम चरण में है।

सुरक्षा के लिए तीन स्तर का घेरा, 25 IPS संभालेंगे कमान

देव दीपावली पर लाखों की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में 25 आईपीएस और 50 पीपीएस अधिकारियों समेत राजपत्रित अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।

गंगा में 50 रेस्क्यू बोट तैनात रहेंगी। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा एटीएस, क्यूआरटी और एंटी ड्रोन सिस्टम को अलर्ट रखा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरों में बांटा गया है। पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित कर निगरानी की जाएगी।

काशी में इस बार देव दीपावली सिर्फ आस्था और परंपरा का उत्सव नहीं, बल्कि संस्कृति, पर्यटन और भव्यता का अंतरराष्ट्रीय आयोजन बनने जा रही है। गंगा के किनारे लाखों दीपों की रोशनी में जगमगाती काशी एक बार फिर दुनिया को अपनी आध्यात्मिक विरासत का दर्शन कराएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *