बीएलडब्ल्यू परिसर में डिवाइडर से टकराई स्कूटी, 13 वर्षीय किशोर की मौत

बीएलडब्ल्यू परिसर में डिवाइडर से टकराई स्कूटी, 13 वर्षीय किशोर की मौत

मेन गेट से 300 मीटर अंदर हुआ हादसा, सुबह 4:30 बजे घर से निकला था अंजनेय

वाराणसी (रणभेरी): मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में मंगलवार तड़के सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर की स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल किशोर को परिजन और पुलिस बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान चितईपुर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी कॉलोनी, नेवादा सुंदरपुर निवासी अभिषेक त्रिपाठी के बेटे अंजनेय त्रिपाठी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंजनेय मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे स्कूटी (यूपी 65 ईबी 5985) लेकर घर से निकला था। वह बीएलडब्ल्यू परिसर के मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान मेन गेट से करीब 300 मीटर अंदर अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि अंजनेय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और राहगीर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मंडुआडीह पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल किशोर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घर में मचा कोहराम

अंजनेय की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कैलाशपुरी कॉलोनी स्थित आवास पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। किशोर की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

मंडुआडीह पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि 13 वर्षीय अंजनेय मंगलवार तड़के इतनी सुबह स्कूटी लेकर घर से कहां और किस काम से निकला था।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *