वाराणसी (रणभेरी): लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान पूनम शर्मा के रूप में हुई है, जो जंगमबाड़ी स्थित एक ब्यूटी पार्लर में कार्यरत थी। जानकारी के अनुसार, पूनम ने अपने पहले पति के निधन के बाद लक्सा निवासी मनोज शर्मा से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद दोनों औरंगाबाद में एक मकान के प्रथम तल पर किराए पर रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंपती के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। बुधवार की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने पूनम का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी पूरी रात शव के पास ही रहा। सुबह होते ही उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी और इसके बाद मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही लक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब सर्विलांस और अन्य माध्यमों की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी के अनुसार, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
