वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश टी20 लीग के आगामी 2026 सीजन की तैयारियों के बीच फ्रेंचाइजी काशी रुद्रास ने अपनी नई टीम जर्सी का भव्य अनावरण किया। वाराणसी के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में टीम के कप्तान करन शर्मा ने नई जर्सी का विमोचन किया। इस अवसर पर टीम के मुख्य कोच, प्रबंधन से जुड़े अधिकारी, खिलाड़ी और अन्य अतिथि भी मौजूद रहे।
टीम प्रबंधन के अनुसार, इस बार की जर्सी का डिजाइन काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और भगवान शिव से जुड़ी आस्था से प्रेरित है। जर्सी के रंग और स्वरूप में काशी की ऐतिहासिक पहचान को उभारने का प्रयास किया गया है, जिससे टीम की परंपरा, ऊर्जा और संघर्षशील भावना का संदेश मिलता है।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन से की अभियान की शुरुआत
नई जर्सी के अनावरण से पहले टीम के कप्तान करन शर्मा, मुख्य कोच और टीम प्रबंधन ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद टीम ने नए सीजन के लिए सफलता की कामना की और आगामी मुकाबलों की तैयारियों का शुभारंभ किया।
टीम प्रबंधन ने जताया भरोसा
कार्यक्रम के दौरान टीम मैनेजमेंट से जुड़े गौरव बत्रा ने कहा कि काशी रुद्रास इस बार पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम पिछले अनुभवों से सीख लेकर इस सीजन में बेहतर प्रदर्शन करेगी और खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ खेलेगी।
उन्होंने कहा कि नई जर्सी केवल खिलाड़ियों की पोशाक नहीं है, बल्कि यह काशी की पहचान, संस्कृति और टीम के जज्बे का प्रतीक है। खिलाड़ियों में भी नई जर्सी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
14 अगस्त से शुरू होगा टूर्नामेंट
गौरव बत्रा ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश टी20 लीग का नया सत्र 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता के मुकाबले कानपुर और लखनऊ के स्टेडियमों में खेले जाएंगे। उन्होंने बताया कि वाराणसी में भी आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तेजी से चल रहा है।
अगले सीजन में काशी में मैच होने की उम्मीद
टीम प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि वाराणसी का नया स्टेडियम समय पर तैयार हो जाएगा और अगले सीजन से काशी रुद्रास को अपने घरेलू मैदान पर खेलने का अवसर मिलेगा। उनका मानना है कि अपने शहर में खेलने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को भी अपनी टीम का समर्थन करने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
जर्सी लॉन्च कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने नई जर्सी पहनकर फोटो सेशन कराया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नई जर्सी के डिजाइन की सराहना की। टीम प्रबंधन का कहना है कि नई पहचान और नए जोश के साथ काशी रुद्रास आगामी सीजन में दमदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के नए सत्र को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में पहले से ही उत्साह है। ऐसे में काशी रुद्रास की नई जर्सी लॉन्चिंग ने टूर्नामेंट के माहौल को और भी रोमांचक बना दिया है।
