छठ महापर्व पर रेलवे की तैयारी तेज, बनारस स्टेशन पर 250 यात्रियों की क्षमता वाला आश्रय स्थल तैयार

छठ महापर्व पर रेलवे की तैयारी तेज, बनारस स्टेशन पर 250 यात्रियों की क्षमता वाला आश्रय स्थल तैयार

भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और हेल्प बूथ की व्यवस्था; आरपीएफ की जांच में 10 लोगों पर कार्रवाई, 10,500 रुपये जुर्माना वसूला

वारणसी (रणभेरी): छठ महापर्व पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बनारस रेलवे स्टेशन और वाराणसी जंक्शन पर व्यापक इंतजाम किए हैं। बनारस स्टेशन पर 2025 वर्गफीट में अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाया गया है। इसमें एक समय में 250 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए प्रकाश, पंखे, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग, उद्घोषणा प्रणाली और वीडियो पैनल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को वाहनमुक्त रखने के साथ प्रवेश और निकास मार्गों का बेहतर प्रबंधन किया गया है। प्लेटफार्मों पर बैरिकेडिंग कराई गई है, जबकि यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे हेल्प बूथ संचालित किया जा रहा है। स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ, पुलिस और महिला सुरक्षा टीमों की तैनाती भी की गई है।

उधर, वाराणसी जंक्शन पर शुक्रवार को आरपीएफ ने श्वान दस्ते के साथ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्मों और टिकट घर की जांच की गई। आरपीएफ ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं न लें। किसी तरह की समस्या होने पर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। साथ ही ट्रेन में अनावश्यक चेन पुलिंग न करने की अपील की गई।

अवैध गतिविधियों पर 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई

रेलवे परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर दो टैक्सी चालकों, अवैध ठेला लगाने पर तीन लोगों, ट्रेन में अवैध खानपान बेचने पर एक व्यक्ति और स्टेशन परिसर में अनधिकृत प्रवेश करने पर तीन लोगों के खिलाफ जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत कार्रवाई की गई। कुल 10 लोगों से 10,500 रुपये जुर्माना वसूलकर रेलवे मद में जमा कराया गया। रेलवे प्रशासन का जोर छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के साथ स्टेशन परिसर में भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित रखने पर है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *