काशी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

काशी में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

वाराणसी (रणभेरी): मई की शुरुआत में ही काशीवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। मौसम के बदले रुख के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों सोमवार और मंगलवार के लिए आंधी के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को ही इसका असर शहर में साफ दिखाई दिया, जब दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि बीच-बीच में धूप निकली, लेकिन उसकी तीव्रता काफी कम रही।

रविवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ, जो सामान्य स्तर के करीब बताया गया। इस दौरान पुरवा हवाओं ने भी रफ्तार पकड़ी और लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलीं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती दबाव के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित काशी क्षेत्र में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के मुताबिक, इसका असर 9 मई तक जारी रह सकता है, जिसके चलते बीच-बीच में बादल और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

सामान्य परिस्थितियों में मई के शुरुआती दिनों में वाराणसी में अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाता है और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं, लेकिन इस बार मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। बारिश होने की स्थिति में तापमान और गिरकर 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

इधर, तेज हवाओं को देखते हुए गंगा नदी में नाव संचालन भी प्रभावित हुआ। रविवार दोपहर बाद नमो घाट से लेकर रविदास घाट तक जल पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए छोटी नावों और मोटरबोट के संचालन पर रोक लगा दी। सुरक्षा कारणों से यह कदम एहतियातन उठाया गया।

जल पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हवा की दिशा और गति दोनों अनुकूल न होने के कारण गंगा में नौकायन जोखिमपूर्ण हो गया था। ऐसे में सभी नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल किसी भी प्रकार का नाव संचालन न किया जाए। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मौसम खराब रहने पर यह रोक आगे भी जारी रह सकती है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *