राम मंदिर जाने का मुहूर्त ज्योतिषियों ने निकाला, 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश; बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय

राम मंदिर जाने का मुहूर्त ज्योतिषियों ने निकाला, 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश; बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय

(रणभेरी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर जाने की तारीख से लेकर मतदाता सूची और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर जाने का मुहूर्त पार्टी नेता पवन पांडेय ने ज्योतिषियों से चर्चा के बाद तय किया है। ग्रह-नक्षत्रों की गणना के आधार पर 12 दिसंबर को वह राम मंदिर जाएंगे।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची में गड़बड़ी कर चुनाव प्रभावित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर मतदाता बनाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने 4 जनवरी को मतदाता सूची जारी करने की बात कही है। अगर भाजपा डरी नहीं है तो 6 जनवरी को चुनाव की तारीख घोषित हो जानी चाहिए।

इससे पहले सपा प्रमुख ने 86 अनारक्षित विधानसभा सीटों की समीक्षा की। बैठक में जिलाध्यक्षों के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष और चुनाव के दावेदार भी मौजूद रहे।

वोटिंग के दिन मतदाताओं को बूथ से भगाने की साजिश का आरोप

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदान के दिन भी गड़बड़ी करने की तैयारी में है। मतदाताओं को बूथ पर पहुंचने के बाद यह कहकर वापस भेजा जा सकता है कि उनका नाम उस बूथ की सूची में नहीं है। इसके बाद मतदाता अपना नाम और बूथ तलाशते रह जाएंगे।

उन्होंने अधिकारियों की तैनाती पर भी सवाल उठाए। कहा कि ऐसी पोस्टिंग की जा रही है कि चुनाव आयोग भी संबंधित अधिकारियों को नहीं हटाएगा। इससे लगता है कि नियुक्तियां आयोग की सहमति से हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा चुनाव लूटने की तैयारी की जा रही है। एक करोड़ 27 लाख वोट कटने की जानकारी मुख्यमंत्री को कैसे मिली?

सपा प्रमुख ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि जब विपक्ष को मतदाता सूची में कटने वाले नामों की जानकारी नहीं है तो मुख्यमंत्री को कैसे पता चला कि एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं?

उन्होंने कहा कि पीलीभीत में सपा ने पहले ही बता दिया था कि कितने हजार वोट कटने वाले हैं। इसके बाद दो एसडीएम को हटाना पड़ा। लखनऊ में एक ही हस्ताक्षर से 100 से अधिक फॉर्म-7 भरे जाने का मामला सामने आया। सपा नगर अध्यक्ष के हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर पार्टी के ही मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप भी उन्होंने लगाया। अखिलेश ने दावा किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन 31 हजार वोट कटे हैं। उनके मुताबिक, मतदाताओं के नाम कटने का यह आंकड़ा भाजपा की चुनावी स्थिति पर असर डाल सकता है।

राम मंदिर जाने का मुहूर्त ज्योतिषियों ने निकाला, 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश; बोले- चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय

आजम खान को फंसाया, 17,500 करोड़ के टेंडर की जांच क्यों नहीं?

अखिलेश यादव ने आजम खान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें साजिश के तहत फंसाया है और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने आजम खान के शिक्षण संस्थान की ईडी जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि संस्थान की जांच हो रही है, लेकिन 17,500 करोड़ रुपये के टेंडर की जांच नहीं की जा रही।

उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस चुनाव के लिए तैयार हैं। जिस दिन चुनाव की तारीख घोषित होगी, भाजपा की हार तय हो जाएगी। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की आवाज उठाने वाले हर व्यक्ति की आवाज जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

गोरखपुर एम्स की निदेशक के निजी अस्पताल में इलाज कराने जाने का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को ही इलाज की जरूरत है। प्रदेश में 16 हजार लोगों पर एक डॉक्टर है। सरकार ने दस साल में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए क्या किया? उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को भी बदहाल बताते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों की स्थिति चिंताजनक है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *