मोड़ पर ट्रक खड़ा होने से नहीं दिखा वाहन, मैजिक और कार में भिड़ंत; पिता-पुत्री घायल

मोड़ पर ट्रक खड़ा होने से नहीं दिखा वाहन, मैजिक और कार में भिड़ंत; पिता-पुत्री घायल

करखियाव एग्रो पार्क के मुख्य द्वार के सामने हुआ हादसा, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त; मैजिक सवार मौके से फरार

वाराणसी (रणभेरी): करखियाव इंडस्ट्रियल एरिया (एग्रो पार्क) के मुख्य द्वार के सामने वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मालवाहक मैजिक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जौनपुर की ओर जा रही कार और एग्रो पार्क से बिसलेरी पानी लादकर निकल रही मैजिक की मोड़ पर आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि एग्रो पार्क के मुख्य गेट के पास सड़क किनारे संचालित पंचर की दुकान के पास अक्सर ट्रक खड़े रहते हैं। शुक्रवार को भी वहां एक ट्रक खड़ा था। इसके चलते मोड़ पर सामने से आ रहे वाहनों को चालक देख नहीं पाए और दोनों वाहन आपस में टकरा गए।

हादसे में जौनपुर जिले के दिग्घी निवासी सलीमुद्दीन (40) और उनकी बेटी सोनम (20) घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद मैजिक सवार मौके से फरार हो गए। घायलों को काजीसराय स्थित न्यू लक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अवैध दुकान और सड़क पर खड़े वाहनों से ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने सड़क किनारे संचालित पंचर की दुकान और वहां खड़े होने वाले वाहनों को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो दुकान हटाई गई और न ही सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाई गई।

ग्रामीणों ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से सड़क किनारे संचालित दुकान को तत्काल हटवाने तथा वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *