वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के निकट रविवार देर रात कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब यात्री ट्रेन के कोच में स्थित शौचालय से बाहर निकल रहा था। गोली चलने की आवाज सुनते ही डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, वारदात मुगलसराय रेलवे स्टेशन से कुछ किलोमीटर पहले ब्लॉक हट-बी क्षेत्र के पास हुई। मृतक की पहचान बिहार के गया जिले निवासी 42 वर्षीय दिनेश शाह के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सीतापुर स्थित नैमिषारण्य धाम जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि दिनेश शाह स्लीपर कोच एस-2 में पत्नी के साथ यात्रा कर रहे थे, जबकि उनकी बहन, सास और बच्चे सामान्य डिब्बे में सफर कर रहे थे। रात करीब दो बजे के आसपास वह बाथरूम गए थे। बाहर निकलते ही अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल यात्री को देखने के लिए लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पत्नी ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रात करीब 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के पास नकद रुपये सुरक्षित मिले हैं, जबकि परिवार के जेवरात भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। इससे लूटपाट की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है।
रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक टीम ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है, जबकि दूसरी टीम मृतक के गांव भेजी गई है ताकि पारिवारिक और अन्य संभावित पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।
गौरतलब है कि दो दिनों के भीतर ट्रेन में गोलीबारी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी बदमाश वारदात के बाद ट्रेन से उतरकर फरार हो गए थे।
