वाराणसी में लग्जरी कार डील के नाम पर करोड़ों की ठगी, होटल जीएम फरार, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी में लग्जरी कार डील के नाम पर करोड़ों की ठगी, होटल जीएम फरार, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र में लग्जरी कारों की खरीद–फरोख्त के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। एक नामी होटल से जुड़े जनरल मैनेजर पर आठ लोगों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित रमेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लंका क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित होटल में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हिमांशु गुप्ता ने खुद को टूर एंड ट्रैवेल व्यवसाय से जुड़ा बड़ा कारोबारी बताया। आरोपी ने कानपुर से लग्जरी गाड़ियां मंगवाकर वाराणसी में सस्ते दामों पर दिलाने का झांसा दिया।

आठ लोगों से अलग-अलग रकम वसूली

पीड़ितों के मुताबिक, हिमांशु गुप्ता के झांसे में आकर आठ लोगों ने अलग-अलग तारीखों में लक्जरी कारों के लिए लाखों रुपये का भुगतान किया। अधिकतर लेन-देन बैंक खातों के माध्यम से किया गया। आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि गाड़ियां जल्द ही उनके नाम ट्रांसफर कर दी जाएंगी।

वाराणसी में लग्जरी कार डील के नाम पर करोड़ों की ठगी, होटल जीएम फरार, पुलिस जांच में जुटी

न गाड़ी मिली, न पैसा लौटा

रमेश सिंह का कहना है कि महीनों बीत जाने के बाद भी न तो कोई वाहन ट्रांसफर हुआ और न ही जमा की गई रकम वापस मिली। बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और अब उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पीड़ितों को आशंका है कि यह पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले को गंभीरता से लेते हुए लंका पुलिस ने आरोपी हिमांशु गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही उसके संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *