वाराणसी (रणभेरी): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं की तिथि और समय-सारिणी विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार को जारी कर दी है। बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर के साथ-साथ गंगापुर और एनटीपीसी परिसर में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी। हालांकि परीक्षा अवधि के दौरान 8, 10 और 15 फरवरी को कोई परीक्षा नहीं कराई जाएगी, जबकि शेष सभी निर्धारित तिथियों पर प्रश्नपत्र होंगे।
बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में परीक्षाएं नई शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप आयोजित की जा रही हैं। प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा लंबे समय से परीक्षाएं कराए जाने की मांग की जा रही थी, जिस पर अब विश्वविद्यालय ने आधिकारिक घोषणा कर दी है।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा के अनुसार, सभी संकायों में अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
छात्र आंदोलन के कारण स्थगित परीक्षाओं की नई तिथि घोषित
गौरतलब है कि 28 जनवरी को यूजीसी की नई नियमावली के विरोध में छात्रों द्वारा किए गए आंदोलन के चलते विश्वविद्यालय में यूजी और पीजी की कुछ परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। अब उन परीक्षाओं की नई तिथि भी जारी कर दी गई है।
परीक्षा नियंत्रक ने जानकारी दी कि एमएससी प्रथम सेमेस्टर (बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स, जूलॉजी) एवं पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग की परीक्षा अब 5 फरवरी को आयोजित की जाएगी। ये परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक होंगी। संबंधित विद्यार्थी अपने विभाग से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
