वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी छोर के समीप स्थित एक मेडिकल स्टोर में सोमवार देर रात चोरों ने सेंध लगा दी। बदमाश दुकान के पीछे रेलवे ट्रैक की ओर बनी दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और स्टील के बक्से में रखी करीब 4.50 लाख रुपये की नकदी समेत लगभग 65.8 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। मंगलवार तड़के दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दीवार तोड़कर दुकान में दाखिल हुए चोर
चोलापुर थाना क्षेत्र के तेवर (बरैछा) गांव निवासी अजय कुमार वर्मा शिवपुर के भवानीपुर में किराये के मकान में रहते हैं। शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी अजय मेडिकल नाम से दुकान है। अजय ने बताया कि उनके किराये के घर में पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। इसके चलते उन्होंने घर में रखी नकदी और सोने के जेवर दुकान में रखे स्टील के बक्से में सुरक्षित कर दिए थे।
सोमवार रात चोर दुकान के पीछे रेलवे लाइन की तरफ की दीवार में सेंध लगाकर अंदर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने स्टील का बक्सा खोलकर उसमें रखी नकदी और आभूषण निकाल लिए और मौके से भाग निकले।

चार चेन और तीन अंगूठियां भी ले गए
चोरी गए सामान में 4.50 लाख रुपये नकद के अलावा सोने की चार चेन और तीन अंगूठियां शामिल हैं। संचालक के अनुसार चारों चेन का वजन करीब 50.5 ग्राम और तीनों अंगूठियों का वजन लगभग 15.3 ग्राम था। कुल मिलाकर करीब 65.8 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हुए हैं।
सुबह पांच बजे पहुंचने पर मिली जानकारी
अजय कुमार वर्मा मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान के पीछे पहुंचने पर दीवार टूटी हुई देखकर उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और स्टील का बक्सा भी खुला पड़ा था। जांच करने पर नकदी और जेवर गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घटना के संबंध में लिखित शिकायत दी।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
