खाना मिलने में देरी पर बिगड़ा गजराज का मूड

खाना मिलने में देरी पर बिगड़ा गजराज का मूड

बेड़ियां तोड़ पोखरे में कूदा, मची अफरातफरी, महावतों की कई घंटे की मान-मनौव्वल के बाद निकला बाहर

वाराणसी (रणभेरी): विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला में शामिल होने आए गजराज धनराज का खाना मिलने में देरी से मूड बिगड़ गया। नाराज धनराज अपनी बेड़ियां तोड़कर समीप स्थित पंपासर पोखरे में जा उतरा। हाथी के अचानक तालाब में उतरने से वहां स्नान कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई।

सूचना पर पहुंचे महावतों ने कई घंटे की मान-मनौव्वल के बाद उसे बाहर निकाला। रामलीला के लिए आजमगढ़ के जीयनपुर से हर वर्ष चार हाथी रामनगर लाए जाते हैं। सभी हाथी महावतों के साथ पंचवटी मैदान स्थित खुले बगीचे में रहते हैं। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे खाना मिलने में देरी होने पर धनराज नाराज हो गया और बेड़ियां तोड़कर पंपासर पोखरे में उतर गया।

हाथी को तालाब में देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मुख्य महावत इजराइल समेत अन्य महावतों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। पेड़ की डालियां और खाना दिखाकर उसे बाहर आने के लिए मनाया गया, लेकिन धनराज काफी देर तक तालाब में ही रहा। करीब चार घंटे बाद शाम चार बजे वह बाहर आया। इसके बाद उसे खाना खिलाकर शांत किया गया। धनराज का काशी राजपरिवार से भी खास जुड़ाव है। पिछले करीब छह वर्षों से अनंत नारायण सिंह इसी हाथी की पीठ पर बैठकर रामलीला देखते हैं। सामान्य होने के बाद धनराज को दोबारा रामलीला स्थल ले जाया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *