पीड़ित का आरोप- थाने में शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वाराणसी (रणभेरी): कपसेठी थाना क्षेत्र के बाजार कालिका में घर जा रहे एक युवक को रास्ते में घेरकर बंधक बनाने और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने वालों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ते में घेरकर की मारपीट
बाजार कालिका निवासी अनुज कुमार मोदनवाल पुत्र देवेंद्र कुमार गुप्ता के अनुसार, वह काम खत्म करने के बाद घर पर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी ले गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों ने धमकी दी कि यदि उसने थाने में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। आरोपियों ने यह भी कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़ित कपसेठी थाने पहुंचा और लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने वाले लोग दबंग किस्म के हैं और दूसरों के साथ भी इस तरह की घटनाएं करते हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
