रेलमंत्री के आगमन की तैयारियां परखने बनारस स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक

रेलमंत्री के आगमन की तैयारियां परखने बनारस स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक

साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर जोर, यात्री सुविधाओं व संरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

वाराणसी (रणभेरी): 31 अक्टूबर को प्रस्तावित रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के आगमन और नई स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों को परखने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को बनारस स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया। अधिकारियों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने इसके बाद राजातालाब स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां प्लेटफार्म संख्या-2/3 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद हरदत्तपुर स्टेशन पहुंचे, जहां प्लेटफार्म संख्या-1 स्थित पैनल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रखी विफलता पंजिका समेत विभिन्न अभिलेखों और संरक्षा उपकरणों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक और प्वाइंट्स मैन से ट्रेन परिचालन से जुड़ी संरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने रेल संचालन में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कहा कि संरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

इसके बाद वाराणसी सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-4/5 पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पाण्डेय, मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन और मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *