3,960 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद, मुकदमा दर्ज
वाराणसी (रणभेरी): अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने मंगलवार को माताकुंड के पास एक गली में छापेमारी कर जुआ खेलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 3,960 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को माताकुंड के पास गली में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां ताश के पत्तों के जरिए हार-जीत की बाजी लगा रहे सुभाष सोनकर, मनीष कुमार, हिमांशु, शाहरुख और सत्यम को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान जुए में इस्तेमाल की जा रही नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए।
इस मामले में सिगरा थाने में मुकदमा संख्या 0449/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में की गई। छापेमारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक नारायण जी यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रीति गुप्ता समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
