वाराणसी (रणभेरी) : कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी के महारैली पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने भाजपा पर वोट चोरी के जरिए सत्ता में आने का आरोप लगाया। उन्होंने वाराणसी में भी चुनावी प्रक्रिया और परिणामों में धांधली के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
रघु शर्मा ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल किसी एक चुनाव या राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा सवाल है। चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है।
उन्होंने महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक वृद्धि पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जनता को जागरूक किया जा रहा है।
एक नवंबर की महारैली में वाराणसी से बड़ी संख्या में नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
