अमनपुरी कॉलोनी में मकान का ताला तोड़कर चोरी करने का आरोप, चोरी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद
वाराणसी (रणभेरी): सारनाथ पुलिस ने चोरी के आरोप में बांग्लादेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को फरीदपुर अंडरपास के पास से पकड़ा। आरोपियों की पहचान मोहम्मद बैरुल इस्लाम और मोहम्मद शफीकुल इस्लाम उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के चपाय नवाबगंज के निवासी बताए गए हैं। उनके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट भी मिले हैं, जिनकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 19 अक्टूबर 2026 को अमनपुरी कॉलोनी में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। पूछताछ के दौरान इस वारदात में उनकी संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों ने चोरी किए गए कुछ गहने बेचने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वीजा पर भारत घूमने आए थे दोनों युवक
डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब तीन महीने पहले वैध वीजा पर भारत घूमने आए थे। 25 सितंबर को बांग्लादेश से कोलकाता पहुंचे और वहां से वाराणसी आ गए। यहां रहने के दौरान मोहम्मद शफीकुल इस्लाम का सामान चोरी हो गया। इसके बाद उनके पास पैसे नहीं बचे और वापस लौटने का साधन भी नहीं था।
पुलिस के अनुसार, रोजगार नहीं मिलने के बाद दोनों ने रात में मकानों के ताले तोड़कर चोरी करना शुरू कर दिया। पुलिस आरोपियों के बयानों और उनके बताए घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पासपोर्ट और पुराने रिकॉर्ड खंगाल रहीं एजेंसियां
डीसीपी राजेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी दौरान दोनों युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनके बांग्लादेशी नागरिक होने की जानकारी सामने आई। उनके पास से मिले पासपोर्ट की प्रामाणिकता और पुराने रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस शहर में संदिग्ध रूप से रह रहे लोगों के सत्यापन की कार्रवाई भी कर चुकी है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
