वाराणसी: रेलवे ट्रैक पर टहलते समय युवक की ट्रेन से कटकर मौत, शरीर के हुए दो टुकड़े, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी: रेलवे ट्रैक पर टहलते समय युवक की ट्रेन से कटकर मौत, शरीर के हुए दो टुकड़े, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी (रणभेरी): जिले के लोहता थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहता थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी सुरेंद्र पाल का पुत्र अमन पाल बुधवार सुबह घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह गोपालपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक के आसपास टहल रहा था। इसी दौरान नई दिल्ली से वाराणसी की ओर आ रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस उस मार्ग से गुजर रही थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक को ट्रेन के आने का आभास नहीं हो सका और वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

वाराणसी: रेलवे ट्रैक पर टहलते समय युवक की ट्रेन से कटकर मौत, शरीर के हुए दो टुकड़े, परिवार में मचा कोहराम

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, अमन पाल अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन के बीच दूसरे स्थान पर था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

मां उर्मिला पाल बेटे के निधन की खबर सुनकर बदहवास हो गईं। परिवार और रिश्तेदारों को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच रहे हैं। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सतर्कता बरतने और चलते समय मोबाइल फोन या ईयरफोन के उपयोग से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *