वाराणसी (रणभेरी): छठ पूजा संपन्न होने के बाद अब कामगारों और नौकरीपेशा लोगों के सामने अपने कार्यस्थलों पर लौटने की चुनौती खड़ी हो गई है। मुंबई, दिल्ली और गुजरात जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक दिल्ली रूट की अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। वाराणसी से गुजरने वाली राजधानी एक्सप्रेस में भी बर्थ उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में नवंबर महीने के लिए सीटें फुल हो चुकी हैं।
रेलवे की अधिकृत वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में दिसंबर के पहले सप्ताह तक सीटों की उपलब्धता नहीं है। गुजरात की ओर जाने वाली ट्रेनें भी 20 दिसंबर तक पैक हैं। मुंबई जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ के चलते वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है। वाराणसी से मुंबई जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस समेत प्रमुख ट्रेनों में 26 दिसंबर तक कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल है।
छठ पर्व मनाने के लिए पूर्वांचल और आसपास के जिलों में आए लाखों लोग अब वापस लौटने की तैयारी में हैं। लेकिन ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। बड़ी संख्या में यात्री तत्काल टिकट के भरोसे हैं, जबकि कई लोग बसों से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, त्योहार के बाद यात्रियों की बढ़ी भीड़ का असर बसों पर भी पड़ा है और किराया सामान्य से अधिक वसूला जा रहा है।
अमृतसर और दरभंगा के लिए स्पेशल ट्रेनें
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से अमृतसर-सहरसा और अहमदाबाद-दरभंगा रूट पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें दोनों दिशाओं में वाराणसी जंक्शन होकर गुजरेंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04672 अमृतसर-सहरसा स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर को शाम पांच बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी। विभिन्न मार्गों से होते हुए यह अगले दिन सुबह 5:30 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04671 सहरसा-अमृतसर स्पेशल ट्रेन 19 नवंबर को रात 9:35 बजे वाराणसी जंक्शन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 20 नवंबर को शाम छह बजे अमृतसर पहुंचेगी।
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल का भी संचालन
इसके अलावा अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन का संचालन 20 से 27 नवंबर तक किया जा रहा है। गाड़ी संख्या 09465 अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल प्रत्येक रविवार की रात 12:30 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। यहां दस मिनट के ठहराव के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 09466 दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल 23 से 27 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12:15 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 12:20 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मुंबई, दिल्ली और गुजरात के लिए नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते यात्रियों की परेशानी अभी बनी हुई है।
