मंडलीय चिकित्सालय की ओपीडी हुई डिजिटल, अब ऑनलाइन बनेगा पर्चा

मंडलीय चिकित्सालय की ओपीडी हुई डिजिटल, अब ऑनलाइन बनेगा पर्चा

ई-प्रिस्क्रिप्शन से मरीजों को मिलेगी राहत, मोबाइल पर एसएमएस और वाट्सएप से पहुंचेगी जांच व दवा की जानकारी

वाराणसी (रणभेरी): मंडलीय चिकित्सालय में मरीजों को अब पर्चा बनवाने और डॉक्टर की लिखी दवाओं की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अस्पताल की ओपीडी को डिजिटल कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत मरीजों की दवाएं और जांच ऑनलाइन लिखी जा रही हैं। वहीं, जांच और उपचार से संबंधित रिपोर्ट मरीजों के मोबाइल पर एसएमएस और वाट्सएप के माध्यम से भेजी जा रही है। इससे मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलने के साथ ही उनके मेडिकल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखना भी आसान होगा।

मंडलीय चिकित्सालय में प्रतिदिन करीब 1500 से 1700 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत डिजिटल ओपीडी और ई-प्रिस्क्रिप्शन की शुरुआत शिशु रोग विभाग में डा. मृदुला मलिक के कक्ष से की गई है। पूर्वांचल में इस व्यवस्था को लागू करने वाला मंडलीय चिकित्सालय पहला अस्पताल बना है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. बृजेश कुमार की पहल पर इसकी शुरुआत की गई है।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव एवं एबीडीएम की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने प्रदेशभर में ई-प्रिस्क्रिप्शन व्यवस्था का विस्तार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में मंडलीय चिकित्सालय में इसकी शुरुआत की गई है। जिले में पांच जिला स्तरीय चिकित्सालय, 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 38 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, लेकिन अभी अन्य अस्पतालों में यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है।

आभा आईडी से होगा पंजीकरण, घर बैठे बनेगा पर्चा

नई व्यवस्था में ओपीडी और इमरजेंसी का पंजीकरण 14 अंकों की विशिष्ट आभा आईडी (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) के आधार पर किया जा रहा है। मरीज घर बैठे ही अपना पर्चा बनवा सकेंगे। अस्पताल पहुंचने पर टोकन नंबर बताने के बाद पर्चे का प्रिंट मिल जाएगा। इसके बाद डॉक्टर मरीज का परीक्षण कर ई-प्रिस्क्रिप्शन तैयार करेंगे। इसमें दवा का नाम, उसकी खुराक, सेवन का समय, उपचार की अवधि, बीमारी और चिकित्सक का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

इस व्यवस्था से डॉक्टरों द्वारा बाहरी दवाएं लिखे जाने पर भी रोक लगेगी। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की सूची के अनुसार ही दवाएं लिखी और वितरित की जाएंगी। इससे मरीजों को अस्पताल से दवा मिलने में सुविधा होगी और अनावश्यक खर्च से भी राहत मिलेगी।

एक ओपीडी से दूसरी में जाने पर नहीं बनवाना होगा पर्चा

डिजिटल व्यवस्था का एक बड़ा लाभ यह भी है कि मरीज को दूसरे विभाग की ओपीडी में दिखाने के लिए दोबारा पंजीकरण नहीं कराना पड़ेगा। संबंधित डॉक्टर मरीज को दूसरे विभाग में रेफर कर सकेंगे। मरीज का पहले से तैयार मेडिकल रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा।

इससे मरीज की चिकित्सकीय हिस्ट्री और उपचार संबंधी जानकारी देश के किसी भी सरकारी अथवा निजी अस्पताल में उपलब्ध कराना आसान होगा। मरीज को बार-बार पुराने पर्चे और जांच रिपोर्ट लेकर घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *