वाराणसी में 4 जनवरी को होगी बेघर लोगों की जनगणना, 1 दिसंबर से शुरू होगा चिह्नांकन

वाराणसी में 4 जनवरी को होगी बेघर लोगों की जनगणना, 1 दिसंबर से शुरू होगा चिह्नांकन

16 से 30 नवंबर तक स्व-जनगणना का मौका, घर बैठे पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण; जनगणना कर्मियों को दिखानी होगी एसई आईडी

वाराणसी (रणभेरी): जनगणना अभियान के तहत वाराणसी में बेघर लोगों की भी विशेष गणना कराई जाएगी। इसके लिए 4 जनवरी 2027 की तारीख निर्धारित की गई है। इससे पहले एक दिसंबर से बेघर लोगों का चिह्नांकन किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद एडीएम प्रशासन एवं उप निर्वाचन अधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने दी।

उन्होंने बताया कि जनगणना के पहले चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-जनगणना की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर परिवारों का विवरण जुटाएंगे। इस बार जनगणना का कार्य सीएमएस पोर्टल के माध्यम से पेपरलेस तरीके से किया जाएगा। चार जनवरी को विशेष अभियान चलाकर केवल बेघर लोगों की गणना की जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से पहले ही ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा।

जिनके पास रहने के लिए छत नहीं, वे होंगे बेघर की श्रेणी में

एडीएम प्रशासन ने बेघर लोगों की श्रेणी स्पष्ट करते हुए बताया कि ऐसे व्यक्ति जिनके पास रहने के लिए कोई स्थायी या अस्थायी आवास नहीं है और जो अलग-अलग स्थानों पर शरण लेकर जीवनयापन कर रहे हैं, उन्हें बेघर की श्रेणी में रखा जाएगा। हालांकि हॉस्टल, जेल और अन्य संस्थागत आवासों में रहने वाले लोगों को इस श्रेणी में शामिल नहीं किया जाएगा। वर्किंग हॉस्टल में रहने वाले लोग भी बेघर नहीं माने जाएंगे। जिनके पास रहने के लिए कोई छत नहीं है, उनकी गणना चार जनवरी को विशेष रूप से की जाएगी।

मोबाइल से घर बैठे कर सकेंगे स्व-जनगणना

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि शासन की ओर से इसके लिए विशेष सेंसस पोर्टल तैयार किया गया है। परिवार का मुखिया या परिवार का कोई भी सदस्य, जिसे इंटरनेट और कंप्यूटर की जानकारी है, अपने मोबाइल नंबर के जरिए पोर्टल पर लॉगिन कर सकता है।

लॉगिन करने के बाद स्व-गणना का फॉर्म खुलेगा, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों की व्यक्तिगत और पारिवारिक जानकारी भरनी होगी। सभी विवरण दर्ज कर सबमिट करने के बाद पोर्टल पर डेटा सुरक्षित हो जाएगा। इसके साथ ही परिवार को एक विशेष सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (एसई आईडी) मिलेगी।

एसई आईडी दिखाने पर आसान होगी गणना

डीएम ने बताया कि स्व-जनगणना कराने वाले परिवारों को घर-घर सर्वे के दौरान लंबी पूछताछ से राहत मिलेगी। जनगणना कर्मियों के पहुंचने पर परिवार के सदस्य को केवल अपनी एसई आईडी दिखानी होगी। इसके माध्यम से पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा और जनगणना की प्रक्रिया कम समय में पूरी होगी।

30 नवंबर तक स्व-जनगणना कराने की अपील

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों से स्व-जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक 30 नवंबर तक निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर लें। इससे एक दिसंबर से शुरू होने वाले घर-घर सर्वेक्षण में सहूलियत होगी। साथ ही जनगणना के महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समय में और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने में प्रशासन को मदद मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *