गंगा के उस पार भी मोबाइल मेडिकल यूनिट और दो वाटर एंबुलेंस रहेंगी तैनात, ट्रामा सेंटर में 20 से 25 बेड आरक्षित
वाराणसी (रणभेरी): देवदीपावली पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पूरी कर ली है। श्रद्धालुओं को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए शहर के 84 घाटों को अलग-अलग क्लस्टर में बांटा गया है। प्रत्येक क्लस्टर में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्डबॉय की मेडिकल टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा घाटों के आसपास बनाए गए 16 चेक पॉइंट पर एंबुलेंस अलर्ट मोड में रहेंगी। गंगा में दो वाटर एंबुलेंस और दूसरी ओर मोबाइल मेडिकल यूनिट भी तैनात की जाएगी।
सीएमओ नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री के निर्देश पर देवदीपावली के लिए विशेष चिकित्सा इंतजाम किए गए हैं। 84 घाटों को क्लस्टर में बांटकर प्रत्येक क्लस्टर में आठ से 10 घाट शामिल किए गए हैं। हर क्लस्टर की जिम्मेदारी एक अधिकारी के साथ मेडिकल टीम को सौंपी गई है। टीम में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्डबॉय शामिल रहेंगे। इनके पास स्ट्रेचर की सुविधा भी होगी, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या चोट लगने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
16 चेक पॉइंट पर एंबुलेंस रहेंगी तैयार
घाटों के आसपास 16 चेक पॉइंट बनाए गए हैं। यहां एंबुलेंस तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीज को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सके। इसके अलावा गंगा में दो वाटर एंबुलेंस भी संचालित होंगी। इनमें दवाइयों के साथ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। स्वास्थ्य विभाग एनडीआरएफ के सहयोग से इनका संचालन करेगा। इनमें एक वाटर एंबुलेंस पुलिस और दूसरी एनडीआरएफ की होगी।
गंगा पार भी पहुंचेगी मेडिकल टीम
देवदीपावली पर गंगा के दूसरी ओर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए वहां मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात की जाएगी। इससे गंगा पार किसी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
अस्पतालों में आरक्षित रहेंगे बेड, छुट्टियां निरस्त
आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। ट्रामा सेंटर में 20 से 25 बेड आरक्षित रखे जाएंगे, जबकि अन्य अस्पतालों में पांच से 10 बेड उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सभी मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। किसी कर्मचारी को अपरिहार्य कारणों से छुट्टी की आवश्यकता होने पर संबंधित अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला देवदीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहेगा।
